- ओडिशा में महाभारत नाटक के दौरान मची असली 'जंग', मंच के नीचे चले बम और पत्थर, 16 घायल
भुवनेश्वर/बरहमपुर: ओडिशा के बरहमपुर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां धार्मिक उत्सव के दौरान आयोजित हो रहा एक नाटक देखते ही देखते असली रणक्षेत्र में बदल गया। जिले के गोलंथरा थाना अंतर्गत मार्कंडी गांव में पारंपरिक 'ठाकुराणी यात्रा' के पावन अवसर पर महाभारत नाटक का मंचन किया जा रहा था। इसी बीच मंच के नीचे दर्शकों और कलाकारों के बीच ऐसी हिंसक झड़प हुई कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
कहासुनी के बाद ताबड़तोड़ चले पत्थर और बम
मिली जानकारी के अनुसार, रामपल्ली और गोविंदपुर गांवों की दो अलग-अलग नाट्य मंडलियां वहां महाभारत नाटक प्रस्तुत कर रही थीं। मंचन के दौरान ही किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह बहस इतनी उग्र हो गई कि दोनों तरफ से ईंट-पत्थर और कांच की खाली बोतलें फेंकी जाने लगीं। इतना ही नहीं, आरोप है कि रामपल्ली समूह की तरफ से इस दौरान देसी बम भी बरसाए गए, जिससे पूरा गांव दहल उठा।
झड़प में 16 लोग जख्मी, 10 उपद्रवी गिरफ्तार
इस अचानक भड़की हिंसा में कम से कम 16 लोगों के घायल होने की खबर है, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने इस पूरे मामले पर स्वतः संज्ञान (Suo Motu) लेते हुए केस दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और मामले की आगे की जांच में जुटी है।